लखनऊ विश्वविद्यालय में पीएचडी की सीटों को लेकर भले ही मारामारी चल रही थी, लेकिन हालत ये है कि दूसरे चरण में फीस जमा करने की तिथि समाप्त होने के बाद 37 सीटें खाली रह गईं। अब विश्वविद्यालय इसके लिए तीसरे चरण की सूची जारी करेगा। दूसरे चरण में फीस जमा करने वाले विद्यार्थी शुक्रवार को अपने विभाग में रिपोर्टिंग करेंगे और शनिवार से उनकी कक्षाएं शुरू होंगी।
विश्वविद्यालय में दोबारा सीट बढ़ने के बाद पीएचडी की कुल 579 सीटों के लिए प्रवेश की प्रक्रिया चल रही थी। दूसरे चरण में जारी अभ्यर्थियों की सूची के बाद फीस बुधवार 3 अप्रैल तक जमा की जानी थी। बुधवार तक 542 विद्यार्थियों ने अपनी फीस जमा की। कैटेगरी के अभ्यर्थी न होने के कारण कुल 37 सीटें खाली रह गईं।
इसके अनुसार बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में 2, एजुकेशन में 2, जियोलॉजी में 2, हिंदी में 1, फिजिक्स में 2, संस्कृत में 3, जुलॉजी में 3 कुल 15 सीटें खाली रह गईं। इनके लिए विद्यार्थी नहीं मिले। इसी तरह अरेबिक में 3, बायो केमिस्ट्री में 1, केमेस्ट्री में 3, लॉ में 1, पर्शियन में 1, कॉमर्स में 1, फिलॉसिफी में 2, उर्दू में 1, फिजिक्स में 6, जुलॉजी में 2, समाजशास्त्र में 1 कुल 22 सीटें कैटेगरी की खाली रह गई हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अपनी फीस जमा कर दी है वे अपनी रसीद आदि निकालकर शुक्रवार को विभागों में संपर्क करेंगे। शनिवार से इनकी कक्षाएं शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि बची सीटों पर विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता के बाद प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की तीसरी सूची जारी होगी।