ट्रांसपोर्टनगर में शनिवार शाम बारिश के दौरान शहीद पथ किनारे स्थित एक इमारत (हरमिलाप टावर) भरभराकर जमींदोज हो गया। हादसे में एक कारोबारी समेत छह की मौत हो गई। मलबे में दबे 25 लोगों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनका इलाज जारी है। मलबे में अभी कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल और पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में देर रात तक जुटी रहीं।
आशियाना निवासी राकेश सिंघल का हरमिलाप ( ग्राउंड प्लस 2) टावर था। टावर के ग्राउंड फ्लोर पर आशियाना निवासी जसमीत साहनी (45) का मोबिल ऑयल और दूसरी मंजिल पर दवा का गोदाम था। पहली मंजिल पर मनचंदा का गिफ्ट सेंटर का गोदाम था।
शनिवार दोपहर तकरीबन साढ़े तीन बजे तेज बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे बाद अचानक पूरी बिल्डिंग ढह गई। आसपास भगदड़ मच गई। सबसे पहले पुलिस मौके पर पहुंची। फिर दमकल और उसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की पहुंची टीमों ने राहत-बचाव शुरू किया। एक-एक कर 30 लोगों को निकाला गया। इसमें से कारोबारी जसमीत, पंकज, धीरेंद्र उर्फ धीरज व दो अन्य की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
बिल्डिंग हादसे में घायल हुए 22 लोग लोकबंधु अस्पताल में भर्ती हैं। जिनके इलाज के लिए डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की टीम लगी है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर ने बताया गंभीर रूप से जख्मी पांच को केजीएमयू रेफर किया गया है।
लोकबंधु में ये हैं भर्ती
राजेंद्र 25, भानु सिंह 22, शत्रुघ्न सिंह 60, शिवमोहन 38, प्रवीना 30, शांति देवी 65, आदर्श यादव 10, काजल यादव 14, आकाश कुमार 28, आकाश सिंह 24, विनोद यादव 45, आदित्य 21, आकाश कुमार 19, अनूप कुमार मौर्या 40, बहादुर 55, ओमप्रकाश 25, अज्ञात 35, हेमंत पांडेय 37, सुनील 28, दीपक कुमार 28, विनीत कश्यप 28, लक्ष्मी शंकर 25, अतुल राजपूत 25, नीरज 35 भर्ती हैं।