बीटीसी वर्ष 2010 व 2011 तृतीय सेमेस्टर तथा शिक्षा मित्र व समाज कल्याण विभाग के अप्रशिक्षित शिक्षकों के प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए सभी 70 जिलों में राजकीय इंटर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इन कॉलेजों के प्रधानाचार्य ही केंद्र व्यवस्थापक होंगे। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी नीना श्रीवास्तव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। परीक्षा 26 से 31 मई के बीच होगी।
बीटीसी 2010 व 2011 तृतीय सेमेस्टर प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा 26 मई, द्वितीय व तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 27 मई को क्रमश: पहली और दूसरी पाली में कराई जाएगी।
पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 से 3 बजे तक होगी।
28 मई से शिक्षा मित्रों की परीक्षाएं
पत्राचार से बीटीसी प्रशिक्षण ले रहे शिक्षा मित्रों की प्रथम सेमेस्टर में प्रथम व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 28 मई को क्रमश: पहली पारी 10 से 1 बजे व दूसरी पाली 2 से 5 बजे तक होगी।
द्वितीय सेमेस्टर के प्रथम व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 29 मई को क्रमश: पहली व दूसरी पाली में होगी।
इसी तरह तृतीय सेमेस्टर की प्रथम व द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 30 मई को पहली व दूसरी पाली में तथा चतुर्थ सेमेस्टर की 31 मई को पहली व दूसरी पाली में परीक्षाएं होंगी।
80 नंबर का पहला पेपर
बीटीसी तृतीय सेमेस्टर के प्रथम प्रश्नपत्र में उत्तरपुस्तिका का प्रयोग होगा। प्रथम प्रश्नपत्र में दीर्घ उत्तरीय, लघु उत्तरीय, अति लघु उत्तरीय व बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे।
द्वितीय व तृतीय प्रश्नपत्र बहुविकल्पीय होंगे। प्रथम प्रश्नपत्र 80 नंबर तथा द्वितीय व तृतीय प्रश्नपत्र 160-160 नंबरों के होंगे।
केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।