रायबरेली के ऊंचाहार में पांच लोगों की हत्या को बसपा ने मुद्दा बनाने का फैसला किया है। घटना को लेकर भाजपा के ही मंत्रियों में आरोप-प्रत्यारोप बढ़ने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस मामले पर पार्टी का रुख साफ किया है। उन्होंने विधायकों को सदन में मामले को जोर-शोर से उठाने का निर्देश दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बसपा विधानमंडल दल की बैठक के ठीक पहले इस मामले पर पार्टी की रणनीति का एलान किया। उन्होंने इस घटना को ब्राह्मण कार्ड के रूप में चलने का दांव चला है।
मायावती ने कहा है कि ऊंचाहार में ब्राह्मण समाज के पांच युवकों की हत्या से साफ है कि प्रदेश में जंगल राज कायम होता जा रहा है। इस घटना से ब्राह्मणों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव सतीशचंद्र मिश्र को पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देने और इंसाफ दिलाने के लिए भरपूर प्रयास करने का भरोसा देने को कहा है।