बसपा सुप्रीमो मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन का पुनर्गठन शुरू कर दिया है। कई मंडलों के पदाधिकारियों के क्षेत्र घटाए या बढ़ाए गए हैं। कई जिलों के अध्यक्ष भी बदले गए हैं। बसपा अध्यक्ष इस समय लखनऊ में हैं। वह यहां मंडलवार पदाधिकारियों से मिलकर संगठन का पुनर्गठन कर रही हैं। लखनऊ, प्रयागराज व कानपुर सहित कई मंडलों में संगठन नए सिरे से बनाया जा चुका है। लखनऊ मंडल में राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक सिद्धार्थ, नौशाद अली व हरीश सैलानी बतौर मुख्य सेक्टर प्रभारी काम कर रहे हैं। इनके अलावा तीन-तीन जिलों के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई है।
सीतापुर, हरदोई व लखीमपुर खीरी के लिए डॉ. राम कुमार कुरील, रणधीर बहादुर व राम खेलावन वर्मा को तथा उन्नाव, लखनऊ व रायबरेली के लिए शैलेंद्र गौतम, मिथिलेश गौतम व राकेश गौतम को मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। इलाहाबाद मंडल की जिम्मेदारी एमएलसी डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. अशोक कुमार गौतम, अमरेंद्र बहादुर पासी, दीपचंद्र गौतम व डॉ. जगन्नाथ पाल को दी गई है। ये मुख्य सेक्टर प्रभारी के रूप में काम करेंगे। मिर्जापुर मंडल की जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक सिद्धार्थ, पूर्व एमएलसी शिवबोध राम, गुड्डू राम व बी. सागर को मुख्य सेक्टर प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। फैजाबाद मंडल में मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी अनिल गौतम व राम गोपाल कोरी को दी गई है।
इसी तरह कानपुर मंडल की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली, लालाराम अहिरवार, बौद्धप्रिय गौतम व नरेंद्र कुशवाहा की टीम के हाथ रहेगी। इनके अलावा कानपुर नगर में दीप सिंह, कन्नौज में जितेंद्र शंखवार, कानपुर देहात व औरैया में प्रवेंद्र शंखवार, इटावा में प्रदीप निगम, फर्रुखाबाद में शिव कुमार गौतम बतौर मुख्य सेक्टर प्रभारी संगठन का काम देखेंगे।