लखनऊ के चिनहट इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने रविवार रात रेडीमेड शॉप पर सुतलीबम से हमला किया। तेज धमाके से इलाका दहल उठा। शीशे बिखर गए। हमले से बुरी तरह सहमे व्यापारी ने पुलिस कंट्रोल रूम कॉल की और दो बदमाशों पर कातिलाना हमले का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। इनमें एक कुछ दिनों पहले जेल से छूटा है।
एसओ चिनहट सुरेश कुमार यादव ने बताया कि गांव अनौरा कलां निवासी योगेंद्र कुमार यादव की फैजाबाद रोड स्थित आरके अपार्टमेंट में राधिका कलेक्शन नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। वह रोजाना की तरह शनिवार रात 9:30 बजे स्टॉक मिलान करके दुकान बंद करने की तैयारी में थे।
इस बीच दुकान के सामने रुकी बाइक की पिछली सीट पर बैठे अनौरा कलां निवासी राहुल यादव ने सुतलीबम से हमला कर दिया। तेज धमाके के साथ बम फटते ही शीशे टूटकर बिखर गए। आसपास के लोग दौड़े।