भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 21 सदस्यीय समिति गठित की है। 16 अगस्त से 21 अगस्त तक भाजपा बूथ समितियों का सत्यापना शुरू करेगी। इनमें निष्क्रिय सदस्यों की जगह नए की नियुक्ति होगी और कुछ जगह नई समितियां गठित की जाएंगी। उसके बाद पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति शुरू की जाएगी।
बूथ समिति के सदस्यों को ही पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी दी जाएगी। मतदाता सूची के एक पन्ने पर करीब 60 मतदाताओं के नाम होते हैं। हर बूथ पर 1200 मतदाता के हिसाब से 15 से 20 पन्ना प्रमुख तैनात होंगे। एक पन्ना प्रमुख के पास 60 मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान कराने की जिम्मेदारी होगी।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि 23 अगस्त को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के बूथ विजय अभियान की शुरुआत करेंगे। नड्डा पार्टी के 27 हजार शक्ति केंद्र प्रभारियों को वर्चुअल संबोधित कर बूथ जीत का मंत्र देंगे। भाजपा ने 5 से 10 बूथों के बीच एक शक्ति केंद्र गठित कर उसके प्रभारी भी नियुक्त किए हैं।