मंदिर और इसका बन रहा प्रवेश द्वार।
लखनऊ। बशीरतगंज-गणेशगंज वार्ड के फतेहगंज में बन रहे श्री कुऐश्वर बाबा मंदिर के प्रवेश द्वार के निर्माण पर हाईकोर्ट के रोक लगाने पर अब स्थानीय भाजपा पार्षद गिरीश गुप्ता ने जनहित याचिका दायर करने की घोषणा की है। उनका दावा है कि केवल दो-चार लोग विरोध कर रहे हैं, जबकि अधिकांश स्थानीय निवासी द्वार के निर्माण के पक्ष में हैं।
पार्षद ने दावा किया कि हाईकोर्ट में द्वार के विरोध में जो तथ्य रखे गए, वे सही नहीं थे। उनका कहना है कि गली पहले से ही इतनी संकरी है कि वहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं जा सकती। बन रहा द्वार करीब 15 फीट ऊंचा था। गुप्ता ने नगर निगम पर भी ठीक से पक्ष न रखने का आरोप लगाया, जिससे निर्माण पर रोक लग गई।
वहीं इस मामले में नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने बताया कि द्वार का निर्माण रोक दिया गया है और टेंडर को निरस्त कर दिया गया है। अभी नींव के बाद पिलर खड़ा करने का ही काम हो रहा था।
यह था कोर्ट का फैसला
फतेहगंज गल्ला मंडी निवासी ओम शंकर मिश्र व अन्य की याचिका पर हाईकोर्ट ने यह रोक लगाई है। याचियों ने तर्क दिया था कि जहां द्वार बन रहा है, वहीं से गल्ला मंडी रोड शुरू होती है। निर्माण से सड़क और संकरी हो जाएगी, जिससे पहले से खराब ट्रैफिक व्यवस्था और गंभीर हो जाएगी। उन्होंने यह भी दलील दी कि आपातकालीन वाहन (एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड) मार्ग से नहीं गुजर पाएंगे। कोर्ट को यह भी बताया गया कि स्थानीय पार्षद के प्रस्ताव पर गठित समिति ने 6 अगस्त को 7.70 लाख रुपये की लागत से द्वार के निर्माण को मंजूरी दी थी। सुनवाई के दौरान नगर निगम ने भी स्वीकार किया कि निर्माण से सड़क की चौड़ाई घटेगी और आपातकालीन सेवाएं बाधित होंगी।
मंदिर और इसका बन रहा प्रवेश द्वार।