प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जौनपुर सदर से भाजपा विधायक व राज्य मंत्री गिरीश यादव से खुद का मान जोड़ दिया है। यहां सपा ने पूर्व विधायक अरशद खां, कांग्रेस ने पूर्व विधायक नदीम जावेद और बसपा ने सलीम खान को मैदान में उतारा है। राज्यमंत्री खुद के विकास कार्यों और मोदी-योगी के नाम पर मैदान में डटे हुए हैं।
दारा सिंह चौहान के सामने है चुनौती
वन मंत्री रहे दारा सिंह चौहान ऐन मौके पर न सिर्फ दल बदल दिए, बल्कि अपनी विधानसभा क्षेत्र भी बदल दिया है। वह भाजपा के टिकट पर मऊ की मधुबन से विधायक बने थे, लेकिन चुनाव से ठीक पहले वे सपा में आए और अब घोसी से चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा ने विजय कुमार राजभर तो बसपा ने वसीम इकबाल को मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ सपा के पुराने नेता भी बागी तेवर अपनाए हुए हैं। ऐसे मे दारा सिंह चौहान के सामने दोहरी चुनौती है।
...तो आगे बढेगा सुशील का कारवां
चंदौली जिले की सैयदराजा सीट पर भाजपा ने बाहुबली बृजेश सिंह के भतीजे विधायक सुशील सिंह को मैदान में उतारा है। अब चौथी बार मैदान में हैं। यहां बसपा ने अमित कुमार यादव और सपा ने मनोज कुमार को मैदान में उतारकर सुशील के कारवां को रोकने की रणनीति बनाई है। लेकिन भाजपा के दिग्गज नेता सुशील के सहारे पूर्वांचल में अपनी धमक बनाए रखने की रणनीति पर कार्य कर रहे हैं।
जेल से लगा रहे जी जान
भदोही के बाहुबली चेहरों में शुमार ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्रा को इस बार निषाद पार्टी ने टिकट नहीं दिया। चार बार से विधायक विजय मिश्रा जेल से प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के टिकट से मैदान में हैं। यहां निषाद पार्टी ने विपुल दुबे, सपा ने रामकिशोर बिंद एवं बसपा ने उपेंद्र कुमार सिंह को मैदान में उतार दिया है।
मोदी के क्षेत्र में तीन मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में तीन मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यहां शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिल राजभर को मैदान में उतारा है। इनके जरिए पूर्वांचल में राजभर वोटबैंक को सहेजने की कोशिश है। दूसरी तरफ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर भी मैदान में हैं। बसपा से रवि मौर्य मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। इस सीट के जरिये यह संदेश जाएगा कि जातीय राजनीति की बिसात पर राजभर किसके साथ हैं। वाराणसी दक्षिण से भाजपा ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नीलकंठ तिवारी को मैदान में उतारा है। यहां सपा ने कामेश्वर दीक्षित और बसपा ने दिनेश कसौधन पर दांव लगाया है। इसी तरह वाराणसी उत्तरी से राज्यमंत्री रविंद्र जासवाल के सामने सपा ने अशफाक और बसपा ने श्याम प्रकाश को मैदान में उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय करने का प्रयास किया है।