लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के लाल बहादुर छात्रावास में शुक्रवार रात छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। बर्थ-डे पार्टी के बाद हुए टकराव में एक छात्र का सिर फट गया और पैर में फ्रैक्चर भी हो गया है। जबकि तीन अन्य छात्र भी घायल हैं। मारपीट करने वाले एक व्यक्ति की बाइक छात्रावास के सामने से बरामद हुई है, जिसे सीज कर दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, लाल बहादुर छात्रावास में शुक्रवार रात एक बर्थ-डे पार्टी का आयोजन किया गया था। पार्टी के बाद किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इस दौरान कुछ लोग बाहर से भी आए जिसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गए। परिसर में छात्रावास का निर्माण कार्य भी चल रहा है। यहां उपलब्ध सामग्री से दोनों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इसमें एमए के एक छात्र को गंभीर रूप से चोट आई है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और पैर में भी फ्रैक्चर हो गया है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि तीन अन्य को भी चोट आई हैं।
हसनगंज थाने की पुलिस व प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान बाहर से आए लोग अपनी बाइक छोड़कर भाग गए जिसे सीज किया गया है। वहीं घायलों को अस्पताल भेजा गया। छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों ने इस पर कोई जानकारी देने से मना कर दिया है जबकि मारपीट मामले में विश्वविद्यालय के ही एक अन्य छात्रावास के विद्यार्थियों का ही नाम आ रहा है।
सभी बाहरी छात्र शामिल
शुक्रवार रात एलबीएस छात्रावास में मारपीट की जानकारी मिली थी। तुरंत पुलिस को सूचित कर प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची थी। अभी तक की जानकारी के अनुसार, इसमें सभी बाहरी छात्र हैं। विवि प्रशासन को किसी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।
प्रो. राकेश द्विवेदी, प्रॉक्टर, लविवि
छह पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही
रात में बवाल की सूचना पर पुलिस छात्रावास पहुंची थी। छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले, मारपीट आदि के मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस आरोपितों को खोज रही है। जल्द ही संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार सोनकर, इंस्पेक्टर, हसनगंज