बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के 26 अगस्त को होने वाले दीक्षांत समारोह के विशिष्ट अतिथि शिक्षा सुधारक, इंजीनियर व इनोवेटर सोनम वांगचुक होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन दीक्षांत समारोह में उन्हें डीएससी की मानद उपाधि भी देगा। समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समारोह में शिरकत करेंगे।
बीबीएयू प्रशासन 26 अगस्त को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। स्कूली शिक्षा में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाले व इनोवेशन के क्षेत्र में भी काफी काम करने वाले लद्दाख के शिक्षाविद सोनम वांगचुक को विशिष्ट अतिथि बनाने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. कमान सिंह ने बताया कि सोनम वांगचुक के आने की सहमति मिल गई है।
उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह दो सत्र में होगा। शाम चार बजे से होने वाले पहले सत्र में मुख्य अतिथि राष्ट्रपति छह से अधिक मेधावियों को मेडल देंगे। वहीं दूसरे सत्र में विशिष्ट अतिथि वांगचुक अन्य मेधावियों को मेडल देंगे व विद्यार्थियों को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम में शासन व विवि प्रशासन द्वारा निर्धारित संख्या में गोल्ड मेडलिस्ट व पीएचडी अवॉर्डी ही शामिल होंगे। जबकि अन्य डिग्री पाने वाले विद्यार्थी ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
तीन दिन पहले की आरटीपीसीआर रिपोर्ट जरूरी
दीक्षांत समारोह में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन-प्रशासन द्वारा जारी कोविड गाइडलाइन का पूरा पालन किया जा रहा है। इसी क्रम में समारोह में शामिल हो रहे विद्यार्थियों, शिक्षकों व अन्य सभी को तीन दिन पहले की आरटीपीसीआर रिपोर्ट जरूरी की गई है। जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों के लिए जिला व विश्वविद्यालय प्रशासन दो दिन पहले कोविड जांच शिविर भी लगाने की तैयारी कर रहा है।
अंजू रावत को आरडी सोनकर पुरस्कार
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के नौंवे दीक्षांत समारोह में 130 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। साथ ही एमए इतिहास की छात्रा अंजू रावत को आरडी सोनकर पुरस्कार दिया जाएगा। बृहस्पतिवार को विवि प्रशासन ने गोल्ड मेडल पाने वालों की अंतिम सूची भी जारी कर दी है। दूसरी तरफ कुलपति प्रो. संजय सिंह की अध्यक्षता में दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में तैयारियों से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही अकादमिक शोभायात्रा के साथ ही पहले सत्र की एंकरिंग का अभ्यास भी किया गया। अभ्यास सत्र में अकादमिक शोभायात्रा में कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, पुस्तकालय अध्यक्ष, सभी एकेडमिक कॉउंसिल के सदस्य, संकाय तथा विभाग के अध्यक्षों ने दो गज की दूरी के साथ प्रेक्षागृह में प्रवेश किया।