परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थी।
- फोटो : amar ujala
अमर उजाला अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2022 के लिए राजधानी लखनऊ में छात्रों में गजब का उत्साह देखने को मिला। लखनऊ में छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 3 केंद्र बनाए गए थे। मोहान रोड स्थित राजकीय स्पर्श बाधित विद्यालय जहां पर केवल दृष्टिबाधित छात्रों को सम्मिलित किया गया।
वहीं, कानपुर रोड कृष्णा नगर स्थित अवध कॉलेजिएट और सीतापुर रोड स्थित सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सुबह 11:00 से 12:30 तक परीक्षा आयोजित की गई लेकिन छात्रों का परीक्षा में शामिल होने का उत्साह इतना था कि वे सुबह 9:00 बजे से ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचने लगे।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले छात्रों ने अपना सीटिंग अरेंजमेंट देखा। इसके बाद तीनों केंद्रों पर लाइन लगवाकर छात्रों को प्रवेश दिया गया। छात्रों की चेकिंग की गई। उनको सख्त निर्देश दिए गए कि एडमिट कार्ड, आईडी और स्टेशनरी सामग्री के अलावा अन्य कोई भी सामग्री परीक्षा में प्रतिबंधित है।
व्यवस्था में लगी अमर उजाला की टीम और तीनों कॉलेजों के स्टाफ ने हज़ारों छात्रों को परीक्षा कक्ष में बैठने में मदद की। प्रयास यही रहा कि दूर दराज से आने वाला कोई भी छात्र परीक्षा से न छूटे। ठीक 11 बजे परीक्षा शुरू हुई। छात्रों को ओएमआर शीट और प्रश्न पत्र दिया गया। छात्रों ने ओएमआर शीट पर अपनी डिटेल भरी और प्रश्न पत्र हल किया।
रामपुर और बुलंदशहर का ये रहा हाल
रामपुर के हादी एकेडमी में आयोजित हुई परीक्षा में 340 में से 218 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसी तरह बुलंदशहर में छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए 608 छात्र छात्रा पंजीकृत थे जिसमें से 371 ने परीक्षा दी और 237 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे।