एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी
- फोटो : amar ujala
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी ने सपा और कांग्रेस गठबंधन को दादरी और बाबरी कांड का मिलन बताया है। कहा कि केंद्र सरकार की कोई तयशुदा विदेश नीति नहीं है, जिसके चलते आए दिन सीमा पर फौज के जवान और अफसर मारे जा रहे हैं।
उन्होंने यूपी चुनाव में एआईएमआईएम के अच्छे प्रदर्शन का दावा भी किया। ओवैसी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, वे यहां मुस्लिमों का वोट बांटने नहीं बल्कि विकल्प की राजनीति देने आए हैं।
इसी नाते हमने ठीकठाक स्थिति वाले 36 सीटों पर ही अपने प्रत्याशी उतारे हैं। वहां हमें मतदाताओं का अच्छा समर्थन मिल रहा है। सपा ने मुस्लिमों की तरक्की के लिए जितने वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया।
अखिलेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। हम भ्रष्टाचार व कुशासन के खात्मे और विकास के मुद्दे को लेकर अवाम के बीच जा रहे हैं। कहा कि भोपाल में जिन आतंकियों या उनका सहयोग करने वालों को पकड़ा गया है, उनमें एक भाजपा की आईटी सेल से जुड़ा प्रमुख पदाधिकारी भी है।