केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सपा और बसपा अपराध और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। यूपी की जनता ने इस बार सपा और बसपा को सत्ता से बाहर करने का निर्णय किया है, एनडीए को विधानसभा चुनाव में दो तिहाई से अधिक सीटें मिलेगी।
शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि बसपा का एनआरएचएम घोटाला सभी को याद है। बसपा सरकार के अनेक मंत्री इस घोटाले में लिप्त रहे।
उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में एक तरफ जमीनों पर कब्जा करने वाले माफिया को संरक्षण मिला। वहीं भ्रष्टाचार और लचर कानून व्यवस्था से जनता त्रस्त हुई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैलियों की सफलता देखकर सपा-कांग्रेस और बसपा गठबंधन घबरा गया है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के पौने तीन वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।
'चुनाव परिणाम आने पर खुली रह जाएंगी आखें'
- फोटो : amar ujala
उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को सपा सरकार के काम देखने की आवश्यकता नहीं है।
प्रदेश की 22 करोड़ जनता ने सपा का काम देख लिया है, 11 मार्च को परिणाम आने पर अखिलेश सरकार की आंखें खुली रह जाएगी। 11 मार्च को सपा सरकार के सफाए और भाजपा सरकार बनने पर ही यूपी के अच्छे दिन आएंगे।
उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार के राज में महिला सुरक्षा की स्थिति इतना चिंताजनक है कि महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। भाजपा की सरकार बनने पर महिला सुरक्षा के लिए तीन बटालियन बनाई जाएगी। महिला थाने बनाए जाएंगे और ग्रेजुएट तक निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर 108 एम्बुलेंस सेवा को पूरे प्रदेश में ठीक किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थय केन्द्रों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। सस्ती दवाओं के बिक्री केन्द्र प्रत्येक ब्लॉक में खोले जाएंगे।
'प्रत्येक ब्लॉक में खोले जाएंगे सस्ती दवाओ के बिक्री केंद्र'
- फोटो : amar ujala
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर 108 एम्बुलेंस सेवा को पूरे प्रदेश में ठीक किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थय केन्द्रों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। सस्ती दवाओं के बिक्री केन्द्र प्रत्येक ब्लॉक में खोले जाएंगे।
अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि वे वोट के बदले प्रेशर कुकर, घी और दूध का पैकेट देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मानसिक स्तर इतना गिर गया है कि शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं की जगह छोटी छोटी चीजों का लालच दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में यूपी सरकार बाधक बनी है। तीन तलाक के मुद्दे पर अनुप्रिया ने कहा कि तीन तलाक नारी गरिमा, नारी न्याय और नारी सम्मान का विषय है, उन्हें उम्मीद है कि सर्वोच्च न्यायालय से मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिलेगा।