डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध आर्किटेक्चर संस्थानों में दाखिले के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग बृहस्पतिवार को शुरू हो गई। इसके लिए अभ्यर्थियों को upcet.admissions.nic.in पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही इस वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
गौरतलब है कि विवि ने इस बार संबद्ध संस्थानों व कॉलेज के बीआर्क कोर्स में दाखिला नेशनल एप्टीट्यूट टेस्ट इन आर्किटेक्चर (नाटा) की मेरिट के आधार पर लेने का फैसला किया है। इसी क्रम में नाटा से प्राप्त मेरिट लिस्ट के आधार पर काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। विवि के कुलपति प्रो. विनीत कंसल ने बताया कि एक-दो दिन में बीटेक व अन्य कोर्सों की दाखिले के लिए भी शुरू कर दी जाएगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश कॉमन इंट्रेंस टेस्ट (यूपीसीईटी) का परिणाम भी एक-दो दिन में आ जाएगा।
सीट मैट्रिक्स पर आज तक दें जानकारी
एकेटीयू ने सभी संबद्ध संस्थानों को नए सत्र 2021-22 की काउंसिलिंग के लिए सीट मैट्रिक्स तैयार करके भेज दी है। डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. आरके सिंह ने बताया कि कॉलेजों से अगर इसमें कोई संशोधन है तो वे 24 सितंबर तक सूचित कर दें।