सपा नेता आजम खां व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने एक शेर के माध्यम से अपनी बात कही। उन्होंने लिखा कि क्या कहें भला उस मुलाक़ात की दास्तान, जहाँ बस जज़्बातों ने खामोशी से बात की।
बता दें कि जेल से निकलने के बाद आजम खां की अखिलेश यादव से ये पहली मुलाकात थी। मुलाकात की जारी की गई तस्वीरों में से एक में अखिलेश यादव आजम को एक पेन गिफ्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। इस मुलाकात से प्रदेश का सियासी तापमान बढ़ा हुआ है। रामपुर स्थित आजम खां के घर हुई इस मुलाकात में सपा का कोई अन्य नेता मौजूद नहीं था। वहीं, घर के बाहर बड़ी संख्या में सपा समर्थक मौजूद रहे और काफी उत्साहित नजर आए।
इसके पहले, अखिलेश यादव के आगमन को लेकर मंगलवार को प्रशासन दिनभर तैयारियों में जुटा रहा। बुधवार को अखिलेश यादव सुबह लखनऊ में अपने घर से निकले और फिर एयरपोर्ट पहुंचे जहां से वो पहले बरेली और फिर रामपुर पहुंचे। रामपुर में उनका हेलीकॉप्टर जौहर यूनिवर्सिटी में लैंड हुआ। यहां से वो आजम खां के घर पहुंचे। जहां दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई।