समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने मानवता को सत्य अहिंसा का संदेश दिया था, जिसे पूरी दुनिया मानती है। वहीं, पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा देकर देश को राह दिखाई थी। लेकिन भाजपा राज में जवान और किसान दोनों संकट में हैं। वे गांधी और शास्त्री जयंती पर लोहिया सभागार में हुए सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के दर्शन से ही देश व समाज की प्रगति संभव है। लेकिन गांधी की हत्या जिस विचार के लोगों ने किया था आज वही देश को तबाह करने में लगे हैं। भाजपा किसानों को आतंकवादी बताती है। हत्या, अपराध, लूट और अराजकता इस समय यूपी की पहचान बन गई है।
भाजपा समाज और लोकतंत्र के लिए खतरा है। सपा सत्य के मार्ग पर चलकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा की यात्राएं लगातार चल रही हैं। असली यात्रा अब सरकार बनाने की शुरू हो रही है। हर वर्ग का सम्मान सपा में ही है।
इससे पहले अखिलेश ने गांधी आश्रम हजरतगंज में महात्मा गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। खादी आश्रम में प्रबंधक व कर्मचारियों ने अखिलेश का स्वागत किया और उन्हें खादी, चरखा एवं गांधी साहित्य भी भेंट किया। इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि 2022 में समाजवादी सरकार बनने पर खादी को बढ़ाने में विशेष मदद दी जाएगी।