फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश बोले: सरकार की लापरवाही से पूरा प्रदेश संक्रामक रोगों की चपेट में, यूपी में कुछ भी सुरक्षित नहीं

Tue, 12 Sep 2023 10:13 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अलग-अलग मुद्दों पर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने डेंगू के बढ़ते केसों पर चिंता जताने के साथ मिर्जापुर की घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। 
विज्ञापन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की लापरवाही और अकर्मण्यता से पूरा प्रदेश मच्छर जनित और संक्रामक बीमारियों की चपेट में है। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर समेत अन्य जिलों में डेंगू, मलेरिया, टायफाइड बुखार के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राजधानी में सरकारी आंकड़ों के अनुसार एक ही दिन में 23 डेंगू के मरीज मिले हैं। लखनऊ में अब तक सिर्फ डेंगू के ही सैकड़ों मरीज मिल चुके हैं। इससे लोगों में दहशत है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि इसी तरह अन्य शहरों में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शहरों में साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव का कोई उपाय नहीं किया जा रहा है। नगर निगम लापरवाह बने हुए हैं। बरसात में जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए भी सरकार की कोई तैयारी नहीं है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। 

बड़ी संख्या में मरीज निजी अस्पतालों में लक्षणों के आधार पर इलाज कराने पर मजबूर हैं। नगर विकास और स्वास्थ्य विभाग हाथ पर हाथ रखे बैठा हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोनों विभागों को निष्क्रिय बना दिया है। अस्पतालों में इलाज के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। सरकारी आदेश बेअसर है। जिलों के अस्पताल में बेड नहीं मिल पा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हैं।
विज्ञापन


मिर्जापुर की घटना पर बोले अखिलेश, प्रदेश में कुछ भी सुरक्षित नहीं

 सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मिर्जापुर में कैश वैन की लूट की घटना पर कहा कि उप्र में घर, दुकान, बैंक कुछ भी सुरक्षित नहीं है। एक्स पर जारी अपने बयान में उन्होंने लिखा, मिर्जापुर में बैंक के बाहर सरेआम गार्ड की हत्या एवं 22 लाख रुपये की लूट से उप्र भयभीत है। उन्होंने राज्य सरकार से घायलों का अच्छा इलाज कराने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि झूठे इवेंट, चुनाव और वीवीआईपी की आवभगत में ही लगे प्रशासन के पास जनता की सुरक्षा के लिए समय ही कहां है?

इंसाफ दिलाने वाले वकीलों को न्याय दे भाजपा सरकार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इंसाफ दिलाने वाले वकीलों के लिए आज उत्तर प्रदेश शासन-प्रशासन में कोई साथ खड़े होने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने एक्स के जरिये कहा कि सपा मांग करती है कि हापुड़ की घटना के विरोध में 12 दिनों से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल का भाजपा सरकार तत्काल वार्ता करके हल निकाले। इस मामले में अधिवक्ताओं का साथ देने पर हटाए गए डीजीसी, क्रिमिनल को बहाल किया जाए। भाजपा न्याय सुनिश्चित करने वालों के साथ तो न्याय करे।

गिरफ्तारी की राजनीति कल भाजपाइयों पर पड़ सकती भारी

अखिलेश ने एक्स के जरिये एक अन्य बयान में कहा कि विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार करने का चलन अब केंद्र से लेकर राज्यों तक प्रचलन बन गया है। जो सत्ता के साथ नहीं आ रहा है, उसे जेल में डाल दो, ये निरकुंश शासकों की नीति होती थी, लोकतंत्र में इसके लिए कोई स्थान नहीं है। अखिलेश ने कहा कि भाजपाई और उनके अवसरवादी मित्र याद रखें कि राजनीतिक व्यवहार में ऐसा विचलन कल को खुद उन पर भारी पड़ सकता है। खुदगर्ज भाजपा किसी की सियासी दोस्त नहीं है।
विज्ञापन






 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें