सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि डा. राम मनोहर लोहिया के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उनकी नीतियों को आत्मसात कर महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। वह बुधवार को डा. राम मनोहर लोहिया की 112वीं जयंती पर लोहिया पार्क में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के करोड़ो लोगों ने हमें नैतिक जीत दिलाकर जन आंदोलन का जनादेश दिया है। समाज में गैर बराबरी बढ़ी है। अमीर अधिक अमीर होते जा रहे हैं जबकि गरीबों की स्थिति बदतर हो रही है। नौजवान निराश होकर बेकार घूम रहे हैं। जनता के साथ अन्याय और अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। ऐसे में डॉ लोहिया के विचार बेहद प्रासांगिक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की गुंडागर्दी पूरा देश देख रहा है। भाजपा सत्ता के नशे में चूर है। पंचायत चुनाव में जिस प्रकार महिला की साड़ी खींचकर भाजपाईयों ने लोकतंत्र को कलंकित किया था उसी प्रकार एक बार फिर विधान परिषद के चुनाव में भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग कर लोकतंत्र पर हमला किया है। इससे पहले उन्होंने लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राम सागर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, विजय यादव, डॉ राजपाल कश्यप, चिंता देवी यादव, सैय्यद शाह फैजुल मन्नान रहमानी, आरके चौधरी, पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय, डॉ मधु गुप्ता, मीरा वर्धन, नेहा यादव, अनुराग यादव आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर कार्यालयों पर आयोजित समारोह में डा. लोहिया के सिद्धांत पर संगोष्ठी हुई।