सपा का सियासी और पारिवारिक कलह और उलझता जा रहा है। इस्तीफे, निष्कासन और नारेबाजी का दौर बीते दो महीने से जारी है। इस कलह को विराम देने और सबको अपनी बात रखने का मौका देने के लिए सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में बैठक रखी।
बैठक से पहले ही कार्यालय के बाहर सपा समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। इस बीच अखिलेश और शिवपाल के समर्थकों में कहासुनी और मारपीट की नौबत भी आ गई। इसी बीच अखिलेश वहां पहुंचे उनके मंच पर पहुंचते ही नारेबाजी तेज हो गई। मीटिंग में भारी तादाद में कार्यकर्ता पहुंचे।
बैठक में सीएम अखिलेश ने कहा लोग परिवार में मतभेद पैदा कर रहे हैं मुझे नेताजी और शिवपाल के सामने बात रखने का मौका चाहिए। उन्होंने कहा, मुझे अन्याय के खिलाफ लड़ना नेताजी ने सिखाया है।
मेरे पिता मेरे लिए गुरु हैं। समाजवादी पार्टी को 25 साल पूरे हुए, मैं नई पार्टी क्यों बनाऊं। उन्होंने कहा, मेरे और परिवार के खिलाफ साजिश हो रही है तो मैं कार्रवाई जरूर करूंगा।
उन्होंने कहा कि सौ प्रतिशत नेताजी की पार्टी है मैं कुछ नहीं हूं। लोग कह रहे हैं नई पार्टी बनाई जा रही है। सबके सामने अपनी बात रखते-रखते सीएम अखिलेश बेहद भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि नेताजी आप कहेंगे तो अभी इस्तीफा दे दूंगा। अखिलेश ने कहा अमर सिंह ने कहा था अक्टूबर में बड़ा बदलाव आएगा और नवंबर तक अखिलेश सीएम नहीं रहेगा।