उत्तर प्रदेश इलेक्शन वाच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में ताल ठोक रहे कुल 586 में 584 उम्मीदवारों का विश्लेषण कर रिपोर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक 260 उम्मीदवार (लगलभग 45 फीसदी) करोड़पति हैं। वहीं, एक चौथाई उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा के 53 में से 52, सपा के 52 में से 48 और बसपा के 55 में 46 उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस के रामपुर से उम्मीदवार नवाब काजिम अली की कुल संपत्ति 296 करोड़ रुपये है। वह दूसरे चरण के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। दूसरे नंबर पर बरेली कैंट से चुनाव लड़ रहीं सपा की सुप्रिया ऐरन हैं। इनकी कुल संपत्ति 157 करोड़ रुपये है। तीसरे स्थान पर भाजपा के अमरोहा से उम्मीदवार देवेंद्र नागपाल हैं, जिनकी कुल संपत्ति 140 करोड़ की बताई गई है। दूसरे चरण के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.11 करोड़ रुपये है।
सपा उम्मीदवार आजम पर सर्वाधिक 87 मुकदमे दर्ज
दूसरे चरण में 147 उम्मीदवारों (25 फीसदी) पर कोई न कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें 113 प्रत्याशियों ने बताया है कि उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। सपा के 52 में से 35, कांग्रेस के 54 में से 23, बसपा के 55 में से 20 और भाजपा के 53 में से 18 और आरएलडी के तीन में से एक उम्मीदवार पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आपराधिक मामलों में पहले स्थान पर रामपुर से सपा के उम्मीदवार मोहम्मद आजम खां हैं। इन पर 87 मामले दर्ज हैं। रामपुर के स्वार सीट से चुनाव लड़ रहे उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम पर 43 मामले दर्ज हैं। इसी तरह रामपुर की चमरौआ सीट से आजम खां के करीबी नासीर अहमद खान पर 30 मामले दर्ज हैं। ये तीनों उम्मीदवार वर्ष 2017 में भी चुनाव लड़े थे, लेकिन उस समय दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक इन तीनों पर एक भी मुकदमा दर्ज नहीं था।
50 फीसदी से अधिक उम्मीदवार डिग्रीधारी
दूसरे चरण में 50 फीसदी से अधिक उम्मीदवार डिग्री धारी हैं। 302 उम्मीदवारों ने शैक्षिक योग्यता स्नातक या उससे ऊपर की बताई है। पांच उम्मीदवार डिप्लोमाधारी हैं। 193 उम्मीदवारों की शैक्षिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच की है। 67 उम्मीदवारों ने खुद को साक्षर बताया है। जबकि 12 उम्मीदवार निरक्षर हैं। वहीं दो उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता नहीं बताई है।
दूसरे चरण में 69 महिलाएं भी चुनाव मैदान में
दूसरे चरण में 69 महिला उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। इसमें कांग्रेस ने 20, भाजपा ने 5, बसपा ने 4 और सपा ने 3 उम्मीदवार उतारे हैं।