आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व सांसद संजय सिंह
- फोटो : amar ujala
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत में मौत के मामले यूपी अब नंबर वन हो गया है। इस सरकार में अब तक कुल 1318 लोगों की पुलिस हिरासत में मौत हो चुकी है। जिसमें अधिकांश पिछड़े, दलित और हिंदू परिवार के युवा शामिल हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रकार की मौतों पर जवाब मांगते हुए कहा कि अगर प्रदेश में आप की सरकार बनी तो पुलिस हिरासत में हुई मौतों की जांच सीबीआई से कराई जाएगी। संजय सिंह बुधवार को यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कानपुर में पुलिस की पिटाई से जितेन्द्र की मौत के अलावा ललितपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, कन्नौज, उन्नाव, मऊ, फिरोजाबाद, सीतापुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, श्रावस्ती और गाजियाबाद की घटनाओं का भी जिक्र किया। कानपुर की घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि कासगंज की घटना समेत अन्य मामलों की भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
पूर्वांचल एक्स्प्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री की गाड़ी के पीछे मुख्यमंत्री के पैदल चलने से संबंधित वीडियो पर तंज कसते हुए आप सांसद ने कहा कि राजनीतिक तौर पर मुख्यमंत्री से मेरे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वह देश के सबसे बड़े राज्य के मुखिया है। इसलिए उनको ऐसे हाल में देखना मुझे अच्छा नहीं लगा। प्रधानमंत्री ने उन्हें सड़क पर पैदल छोड़ अपने गाड़ी से चल रहे थे। अब चुनाव बाद क्या होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।