फोरलेन स्थित सिसवा गांव के निकट मंगलवार को जायरीनों को लेकर दरगाह जा रही तेज रफ्तार पिकप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकप सवार चालीस लोगों में से 18 को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। जहां तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौसहरा निवासी गुलाम मुस्तफा पुत्र मोहम्मद बढ़ई मंगलवार को फातिया कराने बहराइच के दरगाह शरीफ जा रहा था। इसके लिए उसने गांव निवासी गुलाम मोहम्मद का पिकप यूपी 46 टी 1902 बुक कराया था। जिसे गुलाम मोहम्मद का भाई शाहिद चला रहा था। इस दौरान पिकप पर चालीस लोग सवार थे। जिनमें पंद्रह महिलाएं शामिल थी। शाहिद पिकप काफी तेज ले जा रहा था। जिसका साथ में मौजूद लोगों ने विरोध भी किया। इसके बाद भी उसने वाहन की गति धीमी नहीं की।
जैसे ही शाहिद पिकप लेकर फोरलेन स्थित सिसवा गांव मोड़ पर पहुंचा तभी वह वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। इससे पिकप अनियंत्रित होकर मार्ग किनारे पलट गई। जिसमें सवार राजा पुररानी निवासी हामिद रजा (12) व तौसीफ रजा (07) पुत्रगण जाकिर अली, नौसहरा निवासी तहसीम रजा (13) पुत्र मोहम्मद अहमद, फातिमा (40) पत्नी कमर, नूरजहां (42) पत्नी पप्पू, ताहिरा (37) पत्नी सद्दाम, मुहिदा (32) पत्नी अब्दुल कुद्दूस, महलका (57) पत्नी इसराइल, पूरेखैरी निवासी मैसर जहां (45) पत्नी मोहम्मद अयूब, कलामुन निशा (02) पुत्री मोहम्मद याकूब, आकरून निशा (08) पुत्री मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद आजम (12) पुत्र याकूब, मोहम्मद यासीन (12) पुत्र मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद याकूब (50) पुत्र मोहम्मद इसराइल, भिनगा के मोहल्ला पुरानी बाजार कानूनगोपुरा निवासी तरन्नुम (35) पुत्री बाबू, बाबू (65) पुत्र निब्बर व बहराइच के लाल निवासी गुड़िया (38) पत्नी निब्बर को गंभीर चोटें आईं। जबकि पिकप पर सवार अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे भिनगा कस्बा चौकी प्रभारी राजीव मिश्रा ने एंबुलेंस से सभी घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां से तौसीफ रजा, हामिद रजा व मोहम्मद आजम की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। जबकि शेष घायलों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद चालक शाहिद मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया।