बच्चे की मौत के बाद गमगीन परिवारीजन।
- फोटो : amar ujala
अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के रानी बाजार में शनिवार देर शाम एक मासूम का शव मिलने से सनसनी मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम के शरीर पर चोटों के निशान थे, पुलिस के अनुसार उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। पिता ने तहरीर देकर तीन पुराने दोस्तों पर अपहरण कर मासूम की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली बीकापुर क्षेत्र के मलेथू निवासी राहुल सिंह रानीबाजार में किराए के मकान में रहता है। शनिवार दोपहर तारुन में रह रही उसकी पत्नी अपने बच्चे रितिक (7) के साथ रानीबाजार आई। वह अपने बच्चे को पति की गैरमौजूदगी में उसके साथ रह रही महिला को सौंप आई थी। शनिवार शाम करीब 9:30 बजे मासूम का शव विद्युत उपकेंद्र रानी बाजार के पीछे झाड़ियों में मिला। सूचना पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने सूचना आला अधिकारियों को दी।
पिता राहुल ने अपनी तहरीर में पुरानी दुश्मनी को लेकर तीन लोगों पर बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने राजा सिंह, कल्लू पासी व अंकुर सिंह निवासी सरियावां थाना पूराकलंदर के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी मारकंडेय सिंह ने बताया कि बच्चे के शरीर पर चोटों के निशान हैं। गले पर अंगुलियों के निशान मिले हैं। गला दबाकर हत्या करने की संभावना लग रही है। पैतृक गांव बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के मलेथू तक संपर्क कर जांच पड़ताल की जा रही है।