प्रदेश में हर दिन संक्रमितों की संख्या में कमी आ रही है। अब 43 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला है, जबकि 32 जनपदों में 10 से कम मरीज मिले हैं। अलीगढ़, ललितपुर और श्रावस्ती में एक भी कोविड मरीज नहीं हैं। प्रदेश में अब तक छह करोड़ 10 लाख 81 हजार से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में दो लाख 35 हजार 959 कोविड सैंपल की जांच की गई, जिसमें 59 सैंपल पॉजीटिव पाए गए हैं। इसी तरह 149 वायरस को मात देने में कामयाब रहे हैं। पॉजिटिविटी दर 0.03 फीसदी और रिकवरी की दर 98.6 फीसदी है। अब 1489 एक्टिव केस हैं। इसमें 1189 लोग होम आइसोलेशन में हैं। नए मिले मरीजों में लखनऊ में आठ, प्रयागराज में पांच, मेरठ में तीन, वाराणसी में एक, गोरखपुर में दो, गौतमबुद्ध नगर में पांच, कानपुर नगर में दो मरीज मिले हैं। इसी तरह गोरखपुर में एक, उन्नाव में एक, औरैया में एक और ललितपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 के साथ बैठक में कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। इस समय और अधिक सतर्कता की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण की नियंत्रित स्थिति के बाद भी एग्रेसिव ट्रेसिंग और टेस्टिंग जारी रखी जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि पारंपरिक कांवड़ यात्रा कोविड प्रोटोकॉल के साथ हो सकेगी। कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुए कांवड़ संघों से संवाद कर न्यूनतम लोगों की सहभागिता का अनुरोध किया जाए। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड राज्यों से संवाद कर यात्रा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। आवश्यकतानुसार आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता भी लागू की जा सकती है।