लखनऊ-रायबरेली हाइवे पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। मोहनलालगंज में रायबरेली हाईवे पर सोमवार देर रात एक ट्रक अपने आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसा।
हादसे में ट्रक में सवार चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। काफी मशक्कत के बाद शवों को दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से निकाला जा सका।
मोहनलालगंज थाना प्रभारी के मुताबिक, रायबरेली-लखनऊ फॉरवर्डिंग ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक सोमवार की रात परचून का सामान लोड करने के लिये रायबरेली से लखनऊ के लिये चला था।
इसमें निगोहां के हरिबंसखेड़ा गांव निवासी चालक चंद्रशेखर गौतम (34), खलासी उमेश, मजदूर मनीष (20) और विनोद (30) सवार थे। घायल खलासी का कहना है कि गौरा गांव के पास हाईवे पर उनके आगे चल रहे एक डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
ट्रक आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसा। ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चंद्रशेखर, मनीष और उमेश ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उनके शरीर क्षतिग्रस्त गाड़ी में बुरी तरह से फंसे हुए थे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एनएचएआई की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों शवों को गाड़ी से बाहर निकाला। इसी दौरान खलासी उमेश को सीएचसी में भर्ती कराया गया।