कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए प्रदेश में जारी एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट की नीति बेहद कारगर रही है। यूपी में कोरोना की दूसरी लहर नियंत्रण में है और नए केस मिलने की संख्या भी बेहद कम है। ताजा स्थिति को देखें तो विगत 24 घंटे में हुई 02 लाख 15 हजार 209 सैम्पल की टेस्टिंग में मात्र 14 नए मरीज मिले। इसी अवधि में 26 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 177 रह गई है।
प्रदेश के 30 जिलों में कोविड का एक भी एक्टिव केस नहीं है। विगत दिवस हुई कोविड टेस्टिंग में 67 ज़िलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं मिला। यही नहीं, टेस्टिंग और टीकाकरण में नम्बर देश में नंबर एक यूपी में अब तक 07 करोड़ 75 लाख 81 हजार से अधिक सैम्पल की कोविड जांच की जा चुकी है। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार अब तक 16 लाख 86 हजार 694 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
कोविड की ताजा स्थिति के अनुसार अमेठी, अमरोहा, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बहराइच, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, महोबा, मीरजापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, संतकबीरनगर, शाहजहांपुर, शामली, श्रावस्ती, सीतापुर और सोनभद्र जिले में कोविड का एक भी एक्टिव मरीज नहीं है। यह जनपद कोविड संक्रमण से मुक्त हैं।