रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से पीएम मोदी का काफिला एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। शहर के रास्तों में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद है। सीएम योगी भी पीएम के साथ मौजूद हैं।
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि काशी और संस्कृति को अलग कह रही नहीं सकते। काशी की गली-गली में संगीत है। कई घराने हैं। संगीत की समृद्ध विरासत है। पीएम मोदी ने रामलीला, नागनत्थैया मेला, देवदीपावली और संकट मोचन संगीत समारोह का जिक्र कर संगीत की बखान किया। कहा कि काशी में तबला है तो सितार भी है। शहनाई है तो मृदंग और वीणा भी है। पीएम मोदी ने कहा कि काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव की तरह काशी सांसद खेल महोत्सव हो रहा है। आने वाले दिनों में काशी सांसद ज्ञान महोत्सव का आयोजन होगा।
पीएम मोदी ने साथ ही कहा कि काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।
गंजारी से पीएम मोदी का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन उतरा। वहां से सड़क मार्ग से संस्कृत विश्वविद्यालय के लिए उनका काफिला रवाना हुआ। पीएम के स्वागत के लिए कई स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। पुलिस लाइन गेट, सांस्कृतिक संकुल, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, मलदहिया स्थित सरदार पटेल प्रतिमा व सिगरा स्थित शास्त्री पार्क प्रमुख हैं। संस्कृत विश्वविद्यालय में पीएम मोदी करीब 5 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे। लोकसभा और राज्यसभा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने के बाद यह पहला मौका होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि नौ वर्ष पहले की तुलना में इस वर्ष केंद्रीय खेल बजट तीन गुना बढ़ाया गया है। खेलो इंडिया प्रोग्राम के बजट में तो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 70% की वृद्धि की गई है। महादेव के नगरी में ये स्टेडियम और इसकी डिजाइन स्वयं महादेव को ही समर्पित है। इसमें किक्रेट के एक से बढ़कर एक मैच होंगे।
ॐ नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव!...का जयघोष कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के लोगों से नाता जोड़ा। महादेव का नाम लेकर भोजपुरी में संबोधन शुरू किया। हर-हर महादेव!...का जयघोष कर पीएम ने भाषण खत्म किया।
पीएम मोदी ने कहा कि अभी कुछ समय पहले ही वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत ने इतिहास रचा है। इन गेम्स के इतिहास में पिछले कई दशकों में भारत ने कुल मिलाकर जितने पदक जीते थे, उससे ज्यादा पदक सिर्फ इस साल जीतकर दिखा दिए हैं।
इस स्टेडियम के पूरा होने पर 30,000 से ज्यादा लोग यहां बैठकर मैच देख पाएंगे। जबसे इस स्टेडियम की तस्वीरें बाहर आई है, उन्हें देखकर हर काशीवासी गदगद हो गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह भारत का पहला बहुस्तरीय खेल परिसर है जो दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि स्टेडियम से रोजगार के अवसर पैदा होंगे। सरकार ने देश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई। अब खेल को लेकर समाज की सोच बदली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 451 करोड़ की लागत के 'अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम' की आधारशिला रखी।
पीएम मोदी ने कहा कि काशी में आज एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी गई है। ये स्टेडियम न सिर्फ वाराणसी बल्कि पूर्वांचल के युवाओं के लिए वरदान जैसा होगा। इस स्टेडियम के पूरा होने पर 30,000 से ज्यादा लोग यहां बैठकर मैच देख पाएंगे। जबसे इस स्टेडियम की तस्वीरें बाहर आई है, उन्हें देखकर हर काशीवासी गदगद हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं एक ऐसे दिन काशी आया हूं जब चंद्रमा के शिव शक्ति बिंदु तक पहुंचने का भारत का एक महीना पूरा हो रहा है। शिव शक्ति यानी वो स्थान जहां बीते महीने की 23 तारीख को हमारा चंद्रयान लैंड हुआ था। एक शिव शक्ति का स्थान चंद्रमा पर है और दूसरा स्थान मेरी काशी में है।
पीएम मोदी ने कहा कि स्टेडियम भगवान की थीम पर बनेगा। खेल को लेकर समाज की सोच बदली है। आज जो खेलेगा वही खिलेगा। आज क्रिकेट के जरिए दुनिया भारत से जुड़ रही है। नए-नए देश क्रिकेट खेलने के लिए आगे आ रहे हैं। जाहिर है कि आने वाले दिनों में क्रिकेट मैचों की संख्या बढ़ने वाली है। जब मैचों की संख्या बढ़ेगी तो नए स्टेडियमों की जरूरत भी पड़ेगी। तब बनारस का ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस डिमांड को पूरा करेगा। ये पूरे पूर्वांचल का चमकता हुआ सितारा बनने वाला है।
पीएम मोदी ने कहा कि एक शिवशक्ति का स्थान चंद्रमा पर है। दूसरा शिवशक्ति का स्थान काशी में भी है। जब खेल के बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाता है, तो इसका न केवल युवा खेल प्रतिभाओं के पोषण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी यह अच्छा संकेत होता है।
सीएम योगी के संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वांचल के पहले और यूपी के तीसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का बटन दबाकर शिलान्यास किया। इसके बाद वीडियो के जरिए स्टेडियम के बारे में बताया गया। इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भगवान शिव और काशी की झलक दिखेगी। स्टेडियम का आकार अर्ध चंद्राकार होगा, जिसमे लगी फ्लड लाइट्स त्रिशूल के आकार की होंगी।
गंजारी स्थित जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि आज वाराणसी समेत यूपी के सभी खेल प्रेमियों की ओर से प्रधानमंत्री का अभिनंदन करता हूं। पीएम मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यस करेंगे। इस कार्यक्रम में बीसीसीआई के सभी पदाधिकारी और सचिन तेंदुलकर, कपिलदेव के साथ ही सुनील गावस्कर समेत कई पूर्व क्रिकेटर पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच गए हैं। पीएम, खुली जीप से काशी के लोगों के बीच पहुंचे।
वाराणसी एयरपोर्ट एप्रन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी सीएम योगी और अन्य नेताओं ने की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से एक बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम आवास के लाभार्थियों से मुलाकात कर गंजारी प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। सीएम योगी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे। प्रधानमंत्री का विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर कुछ ही देर में पहुंच जाएगा।
काशी विश्वनाथ मंदिर में बीसीसीआई के सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर समेत कई सितारे पहुंचे। उन्होंने पूजा अर्चना की।
पीएम मोदी ने वाराणसी पहुंचने से पहले एक्स पर लिखा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आज होने जा रहे इन कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर बहुत उत्सुक हूं। इन परियोजनाओं से वाराणसी के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में और तेजी आएगी। आज दोपहर करीब 1:30 बजे वाराणसी में एक भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखने के साथ ही 16 अटल आवासीय विद्यालयों के उद्घाटन का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसके अलावा काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह का भी हिस्सा बनूंगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजकीय विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पर 11:55 बजे पहुंच गए। वहीं, पीएम मोदी के स्वागत के लिए महिलाएं पहुंच गई हैं। कुछ देर में पीएम मोदी वाराणसी पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे में खास बात यह है कि वे शहर में सड़क मार्ग से जाएंगे-आएंगे। पीएम गंजारी से हेलिकॉप्टर के जरिये पुलिस लाइन मैदान पहुंचेंगे। फिर पुलिस लाइन से चौकाघाट होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुली जीप पर सवार होकर जनता का अभिवादन करते हुए मंच तक पहुंचेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास से पहले पीएम के मिनी रोड शो की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज वाराणसी दौरा है। पीएम वाराणसी के गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर क्रिकेट की कई हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। इसी क्रम में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर वाराणसी पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर सचिन तेंदुलकर को स्पॉट किया गया। वाराणसी एयरपोर्ट पर सचिन लाल कुर्ते में नजर आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में दुनिया की सबसे प्राचीन श्रीमद्भागवत गीता के दर्शन करेंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सरस्वती भवन में रखी एक हजार साल पुरानी हस्तलिखित भागवत गीता संरक्षित है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शनिवार को वाराणसी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के 232 साल पुराने पुस्तकालस सरस्वती भवन में भी जा सकते हैं। यहां पर एक हजार साल से भी ज्यादा पुराने 95 हजार संस्कृत ग्रंथ, पांडुलिपियों सहित करीब दो लाख पुस्तकों का संग्रह है।
प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से सटे जिलों का दौरा भी 10 बार कर चुके हैं। विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण के साथ चुनाव प्रचार करके गए हैं। चार मौका ऐसा आया, जब प्रधानमंत्री वाराणसी एयरपोर्ट तक आए। एयरपोर्ट से दूसरे जिले में गए और कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर नई दिल्ली चले गए।
प्रशासन ने जो सूची तैयार की है, उसके मुताबिक गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में पीएम मोदी के मंच पर 18 लोग रहेंगे। इसमें क्रिकेट की हस्तियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी, सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, कपिल देव, करसन घावरी, दिलीप वेंगसरकर, मदनलाल, गुंडप्पा विश्वनाथ, यूपी के खेलमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और विधायक त्रिभुवन राम मौजूद रहेंगे।
इसके बाद संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में महिलाओं से संवाद करेंगे। यह संवाद महिला आरक्षण विधेयक पर होगा। महिलाएं प्रधानमंत्री को सम्मानित करेंगी। यहां से पीएम रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जाएंगे। वहां काशी सांसद खेल महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। साथ ही काशी सहित उत्तर प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों को लोकार्पण करेंगे। अटल आवासीय विद्यालय 1115 करोड़ से बने हैं। इनमें दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों से वर्चुअल जुड़ेंगे।
प्रधानमंत्री शनिवार को प्रदेशवासियों को 1565 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पीएमओ से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी करीब छह घंटे तक वाराणसी में गुजारेंगे। दोपहर साढ़े बारह बजे आएंगे। पीएम सबसे पहले गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे।क्रिकेट स्टेडियम 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। वे यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी शनिवार को 31वीं बार आएंगे। राजातालाब के पास गंजारी में पूर्वांचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करने के साथ ही जनसभा कर अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव प्रचार का बिगुल भी फूंकेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी काशी सहित यूपी के 16 अटल आवासीय विद्यालयों का लोकार्पण भी करेंगे। महिलाओं के साथ ही काशी सांसद खेल महोत्सव के विजेताओं से अलग-अलग संवाद करेंगे।