भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में काफी तेजी आ गई है। यहां एक दिन में 90-95 हजार से ऊपर संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। देश में अब तक इस वायरस से 51 लाख 18 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि इससे मरने वालों की संख्या भी 83 हजार के पार हो गई है। इससे बचने के लिए दुनियाभर की सरकारों और वैज्ञानिकों ने तरह-तरह के सलाह दिए हैं, जिसमें मास्क पहनना, हाथ साबुन से धोना, लोगों से उचित दूरी बनाकर रहना आदि शामिल हैं। वैसे कोरोना से बचने के लिए सबसे जरूरी है लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी का मजबूत होना, क्योंकि ऐसा माना जा रहा है कि देश में कई लोग ऐसे भी हैं, जो कोरोना से संक्रमित हुए और फिर ठीक भी हो गए, लेकिन उन्हें इसके बारे में पता भी नहीं चला। इसकी वजह रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना हो सकता है, जो कोरोना से लड़कर उसे खत्म कर देता है और व्यक्ति को बीमार नहीं पड़ने देता। स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल ही में आयुष मंत्रालय द्वारा बताई गई इम्यूनिटी बढ़ाने वाली चीजों का सेवन करने के लिए कहा था। आइए जानते हैं वो कौन-कौन सी चीजें हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार हैं।