झारखंड के गिरीडीह पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक कट्टर माओवादी कोल्हा यादव को बिहार से गिरफ्तार किया है। साल 2007 में चिलखारी नरसंहार में कथित तौर पर कोल्हा यादव के शामिल होने की बात सामने आई थी। एक पुलिस अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है।
थाना प्रभारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
बता दें कि इस नरसंहार में 20 लोगों की जान गई थी, जिसमें झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के बेटे अनूप भी शामिल थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नक्सली को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उनकी टीम ने छापेमारी की और चरकापत्थर से नक्सली को गिरफ्तार किया।
बिहार के जमुई से किया गया गिरफ्तार
झारखंड के गिरीडीह जिले के भेवालघाटी पुलिस स्टेशन के पुलिस कर्मियों ने कोल्हा यादव को बिहार के जमुई से गिरफ्तार किया। एसपी अमित रेणु ने इस बात की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कहा कि नक्सली से आगे की पूछताछ की जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी का बेटा अनूप माओवादियों के एक समूह द्वारा मारे गए ग्रामीणों में शामिल था, जो गिरीडीह जिले के चिलखारी गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे थे।
अमित रेणु ने बताया कि बिहार और झारखंड में कोल्हा यादव के खिलाफ नक्सल संबंधी 18 मामले दर्ज हैं।