साइबर क्राइम (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड पुलिस ने शनिवार को देवघर से सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी साइबर अपराध संबंधी गतिविधियों में लिप्त थे। सभी लोग एप इंस्टाल करवाने से लेकर यूपीआई के जरिए पैसे ट्रांसफर जैसे तरीकों से लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधियों का यह गैंग कई लोगों को अपना निशाना बना चुका था।
पुलिस उपाधीक्षक सुमित प्रसाद ने बताया कि आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 19 सिम, पांच एटीएम कार्ड व अलग-अलग बैंकों की चेकबुक व पासबुक बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पाथरोल और मनोहरपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया था, जिसमें इन सभी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में छानबीन की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इससे पहले पिछले महीने पुलिस ने देवघर जिले से ही करीब 70 लोगों को गिरफ्तार किया था, सभी पर साइबर अपराध में लिप्त रहने का आरोप है।