प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड में विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में मनी लॉड्रिंग की जांच के सिलसिले में कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा है। ईडी ने अनूप सिंह को 24 दिसंबर को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है। अनूप सिंह बेरमो क्षेत्र से विधायक हैं।
बता दें, ईडी ने पिछले महीने विधायक अनूप सिंह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने विधायक के बयान पर दर्ज जीरो एफआईआर को आधार बनाया है। ईडी ने दो अन्य मामलों में भी जांच शुरू की है, जिसमें घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन का भी नाम शामिल है।
अनूप सिंह ने लगाया था पेशों की पेशकश का आरोप
अनूप सिंह ने 31 जुलाई को अरगोड़ा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी ने हेमंत सोरेन की सरकार गिराने की साजिश में शामिल होने के लिए उन्हें भी पैसों की पेशकश की थी। तीन विधायकों को 30 जुलाई को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में 49 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया था।
अनूप सिंह के ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
आयकर विभाग की टीम ने पिछले महीने कांग्रेस विधायक अनूप सिंह के रांची, पटना और बेरमो स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। आयकर विभाग की टीम को छापेमारी में कई दस्तावेज मिले थे, जो अपने साथ ले गई थी। बाद में अनूप सिंह को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि, अनूप सिंह ने कर चोरी की बात से इनकार किया था। फिलहाल मामले में आयकर विभाग की जांच चल रही है।
गौरतलब है कि 31 जुलाई को, पश्चिम बंगाल पुलिस ने झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया था और इनकी कार से लाखों की नकदी बरामद हुई थी। तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगारी एक एसयूवी में यात्रा कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उनके वाहन को रोक लिया था। हालांकि, कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने हेमंत सोरेन सरकार को गिराने की कोशिश करने के आरोपों का खंडन किया था।