झारखंड के पाकुड़ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इशाकपुर में नजरूल इस्लाम के तालाब के पास से शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव को देखने के बाद पुलिस का मानना है कि व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसकी एक आंख निकाल ली गई है।
पुलिस ने बताया कि शव की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप कुमार मल्लिक मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पाकुड़ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार विमल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही जयकिष्टोपुर के अंसारूल शेख के तौर हुई है।
इधर शव की पहचान होने के बाद थाना प्रभारी दिलीप कुमार मल्लिक ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और उन सभी लोगों को मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ विमल ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की गई और पूछताछ के आधार पर हत्यारों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आखिर मृतक की आंख निकालने के पीछे अपराधियों की क्या मंशा थी।