झारखंड में दहेज के लिए एक महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है। यह मामला पलामू जिले का बताया जा रहा है। यहां दहेज को लेकर 23 वर्षीय एक महिला की उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दहेज को लेकर की गई हत्या की घटना शुक्रवार को हुई थी। उसके पति, उसके माता-पिता, बहनों और भाई सहित सात लोगों के खिलाफ रविवार को मामला दर्ज किया गया। फिलहाल सभी फरार है।
पति की लंबी उम्र के लिए रखी थी पूजा
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (विश्रामपुर) सुरजीत कुमार ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को रेहलाखुर्द गांव में हुई। घटना वाले दिन मृतका ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए 'वट' पूजा की थी। बाद में उसके ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि कथित तौर पर उसकी हत्या करने के बाद परिवार के लोग घर बंद फरार हो गए।
चार साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, मृतका मूल रूप से चतरा जिले के ईथखोरी की रहने वाली थी। करीब चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी तीन साल की बेटी और एक साल का बेटा है। मृतका के माता-पिता ने ससुराली जनों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि उसे नियमित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसके ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे, जो वे देने में असमर्थ थे।
आरोपियों की तलाश में जुटी है पुलिस
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (विश्रामपुर) सुरजीत कुमार ने बताया कि घटना के अगले दिन यानी शनिवार को पड़ोसियों की मदद से शव बरामद किया गया। जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उसके गले पर चोट के निशान थे। पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।