नेशनल मजदूर कांफ्रेंस ने राज्य सरकार से चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत डेलीवेजरों को नियमित करने पर जोर दिया।
साथ ही दिवाली से पूर्व लंबित वेतन जारी करने की मांग भी की। रानी पार्क में रविवार को निकाली गई श्रमिक रैली में प्रधान सुभाष शास्त्री ने कहा कि त्योहारी सीजन में भी डेलीवेजरों को लंबित वेतन जारी नहीं जा रहा।
उन्होंने कहा कि सरकार अगर विभिन्न विभागों में काम कर रहे अस्थायी कर्मचारियों के प्रति गंभीर है, तो उसे चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूर्व कबीना की बैठक में डेलीवेजरों को नियमित करने और उनका लंबित वेतन जारी करने का फैसला लेना चाहिए।
इस अवसर पर शास्त्री ने राज्य के मुलाजिमों को दिवाली से पूर्व उनका लंबित 17 फीसदी डीए जारी करने की मांग की। इस अवसर पर राजन बाबू खजूरिया, सुनील कोछड़, सुरेंद्र कुमार, सुदेश भगत, सुखदेव सिंह आदि ने भी विचार रखे।