7 दिन बाद हुई वैक्सीन उपलब्ध एक टीकाकरण केंद्र के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते लोग, संवाद।
- फोटो : KATHUA
बिलावर। उपमंडल में सात दिनों बाद वैक्सीन उपलब्ध होने से टीकाकरण केंद्रों पर रविवार को भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने अपने बाकी कामकाज छोड़, और तमाम परेशानियां उठाकर टीकाकरण के लिए उत्साह दिखाया।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार रविवार को करीब एक हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। उपमंडल में करीब 70 हजार लोगों का कोरोना टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के 45 हजार लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं। और, 18 वर्ष से 45 वर्ष की आयु तक के लगभग 25 हजार लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग से पंचायत स्तर पर टीकाकरण केंद्र खोलने की मांग की है। सरपंच जगदेब सिंह ने कहा कि कई लोगों को टीकाकरण कराने के लिए दूसरी पंचायतों में जाना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। सरकार पंचायत स्तर पर टीकाकरण केंद्र स्थापित करे, जिससे हर पंचायत के लोगों को यह सुविधा उनके गांव में मिल सके।
दूरदराज इलाके के पंच जोगिंदर सिंह ने बताया कि कई इलाकों में आज तक सड़क नहीं है। इससे लोगों को कई किमी पैदल चलना पड़ता है। टीकाकरण कराने आए लोगों के लिए कभी कभी मुसीबत और बढ़ जाती है, जब टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होती। इससे लोगों के बहुमूल्य समय की बर्बादी होती है। इसलिए, जल्द से जल्द पंचायत स्तर पर टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएं।