लद्दाख के तेनजिन चोनजोम व अनवर हुसैन ने यूपीएससी में सफलता दर्ज की है। अनवर को यूपीएससी की अंतिम चयन सूची में 600वां स्थान मिला है। अनवर ने इससे पूर्व जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
पुंछ जिले के किसान के बेटे समेत जम्मू संभाग के 7 व लद्दाख के दो युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में परचम लहराया है। डोडा (ठाठरी) के अंजीत सिंह ने 550वां, भद्रवाह के असरार अहमद किचलू ने 287वां और पुंछ के मोहम्मद शब्बीर ने अपने पहले प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण कर 419वां रैंक हासिल किया है। इसके अलावा जम्मू संभाग के पार्थ गुप्ता (72वां रैंक), नमनीत सिंह (436वां रैंक), शिवानी जरंगाल (300वां रैंक) और बिश्नाह के द्वारिका गांधी (412वां रैंक) ने भी परीक्षा पास की है। इस बार कश्मीर घाटी से किसी अभ्यर्थी के खाते में सफलता नहीं आई है।
विज्ञापन
अंजीत सिंह डोडा जिले की तहसील कारा के दूरदराज गांव नागनी बटोली के रहने वाले हैं और वर्तमान में वह सांबा जिले में शिक्षक हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा गृह जिले से प्राप्त की है। इसके बाद जम्मू विश्वविद्यालय से परास्नातक (पीजी) और बीएड की पढ़ाई पूरी की है। अंजीत के पिता भी शिक्षक हैं और नागनी बटोली में कार्यरत हैं। असरार अहमद किचलू ने दूसरी बार में इस परीक्षा को पास किया है। असरार अहमद ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि यहां उनकी यूपीएससी यात्रा समाप्त होती है। उन्होंने लिखा कि 2021 में उन्हें 287वां और 2019 में उन्हें 248वां रैंक हासिल हुआ था। वहीं पुंछ के मोहम्मद शब्बीर गुज्जर समुदाय से हैं और उनके पिता किसान हैं। उन्होंने अपने पहले प्रयास में इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। बिश्नाह के वार्ड तीन में रहने वाले द्वारिका गांधी के घर बधाई देने वालों का देर रात तक तांता लगा रहा।
लद्दाख के अनवर हुसैन को 600वां स्थान
लद्दाख के तेनजिन चोनजोम व अनवर हुसैन ने यूपीएससी में सफलता दर्ज की है। अनवर को यूपीएससी की अंतिम चयन सूची में 600वां स्थान मिला है। अनवर ने इससे पूर्व जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वर्तमान में अनवर कारगिल जिले के द्रास में सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के पद पर तैनात हैं। वहीं, अनवर के यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर बाल्ती बाजार कारगिल स्थित उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। एलजी आरके माथुर ने अनवर को बधाई दी है। लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद कारगिल के अध्यक्ष फिरोज अहमद खान ने कहा कि एलओसी से सटे कारगिल जिले से अनवर हुसैन अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं। ब्यूरो
विज्ञापन
सिविल सेवा परीक्षा में सफल होने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं। आपकी सफलता जम्मू-कश्मीर के अन्य प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सर्विस उत्तीर्ण करने के लिए प्रेरित करेगा। लोक सेवा में उज्ज्वल तथा चुनौती भरा करियर आपका इंतजार कर रहा है। - मनोज सिन्हा, उप राज्यपाल