जम्मू। जम्मू ज्वाइंट स्टूडेंट फेडरेशन (जेजेएसएफ) की ओर से सोमवार को 1996 में शहीद हुए विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर जीजीएम साइंस कॉलेज परिसर में बने शहीदी स्थल पर शहीदों की आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना की गई। उधर, शहीदों की याद में जेजेएसएफ की ओर से रखा गया उपवास हवन और पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया।
जेकेएसएफ के राज्य अध्यक्ष पुष्विंदर सिंह मन्हास व राज्य उपाध्यक्ष अतुल सूदन के नेतृत्व में कई स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, शहीदों की याद में हलवा भी बांटा गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह, पैंथर्स पार्टी अध्यक्ष प्रो. भीम सिंह और जीजीएम साइंस कालेज के प्रिंसिपल रवींद्र टिक्कू मौजूद रहे जिन्होंने उपवास पर बैठे अभिषेक शर्मा, शुभम सोलांकी, कानव शर्मा और अंशुल चौधरी को जूस पिलाया। पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि डोगरा राज्य को तोड़कर केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया है।
कॉलेज में छात्रों को प्रवेश नहीं मिलने पर उन्होंने वर्तमान प्रशासन को फटकार लगाई। जेकेएसएफ के उपाध्यक्ष ने कहा कि जम्मू के साथ भेदभाव के खिलाफ लड़ने का एक लंबा इतिहास रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जम्मू क्षेत्र के छात्रों को क्लस्टर और जम्मू विश्वविद्यालय के कॉलेजों में प्रवेश लेने में मुश्किल हो रही है। इसी भेदभाव के कारण चार छात्रों ने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि जेकेएसएफ इसके लिए बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी।