पुंछ जिले मेंढर के भाटादूड़ियां जंगल में आतंकियों से मुठभेड़ के चलते यातायात के लिए बंद जम्मू-राजोरी हाईवे को दो सप्ताह बाद बहाल कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर हाईवे से यातायात रोका गया था। सुरक्षा बल हाईवे से सटे जंगल को खंगालने के बाद अब जंगल के भीतरी हिस्से में प्राकृतिक गुफाओं वाले इलाके की तलाशी ले रहे हैं।
वहीं, हाईवे खुलने से स्थानीय लोगाें और टैक्सी ऑपरेटराें को बड़ी राहत मिली है। दो सप्ताह में इस रूट पर आवाजाही ठप रहने से लोगाें को परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि मेंढर के भींबरगली से सुरनकोट के जड़ांवाली गली के बीच 24 किलोमीटर हाईवे को 14 अक्तूबर से यातायात के लिए बंद किया गया था।
जिसके चलते पुंछ, मंडी और सुरनकोट से जम्मू आने जाने वाले वाहनों को वाया गुरसाई मेंढर अथवा वाया कृष्णाघाटी मेंढर के रास्ते आवाजाही करनी पड़ती थी। इन सड़कों से दोगुनी दूरी तय करनी पड़ रही थी। सड़कें खस्ताहाल होने से रोजाना जाम भी लग रहा था। हाईवे से जंगल में मुठभेड़ में गोलीबारी से हाईवे के यातायात को खतरा था। अब इसे खोल दिया गया है।
हमलों में दो जेसीओ समेत नौ जवान शहीद हो चुके हैं। आतंकियों की गोलीबारी में एक कैदी भी मारा गया था। यह कैदी कई आतंकी वारदातों में शामिल था, जो जेल से आतंकियों को गाइड कर रहा था। सुरक्षा बल इसे आतंकियों के ठिकाने की पहचान के लिए ले गए थे।