डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने रिंग रोड पर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी आसपास के गांवों में पुलिस के नंबर साझा करने के निर्देश दिए हैं। रिंग रोड पर बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए और कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
अपराध का गढ़ बन चुके रिंग रोड पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त होंगे। इस रोड के आसपास बसे हर एक गांव में पुलिस अफसरों के नंबर साझा किए जाएंगे। ताकि कहीं भी कोई बदमाश और राष्ट्रविरोधी तत्व दिखने पर पुलिस से तत्काल संपर्क किया जाए। इसे लेकर डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने रविवार 7 थानों के एसएचओ और संबंधित डीएसपी को निर्देश दिए। रिंग रोड पर खनन भी जमकर हो रहा है। इसे लेकर भी जरूरी आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि वे गांव गांव संपर्क कर ग्रामीणों के साथ जरूरी नंबर साझा करें। ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगे। इसके पहले उन्हाेंने एसएसपी जम्मू के साथ घरोटा से लेकर विजयपुर तक रिंग रोड का दौरा किया। मिरां साहिब, बिश्नाह, सतवारी, दोमाना, घरोटा, विजयपुर और कानाचक पुलिस के थानेदारों को कहा कि नियमित रूप से रिंग रोड पर अपने अपने क्षेत्र में गश्त करें। ताकि कोई भी बदमाश राहगीरों को तंग न करे।
रात होते ही रिंग रोड को खनन माफिया इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं। बिना नंबर के टिप्पर खनन का सामान लेकर जाते हैं, जिन्हें पूछने वाला कोई नहीं। नाकों से खनन के वाहन निकलते हैं, पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहते हैं। डीआईजी शिव कुमार का कहना है कि इसे लेकर संबंधित अधिकारियाें से बात कर ली गई है। जल्द ही कार्रवाई होगी।