नया लद्दाख, नई शुरुआत, नया लक्ष्य नाम का यह समारोह 28 अगस्त तक चलेगा। इस आयोजन का उद्देश्य साहसिक, संस्कृति और पर्यटन के पहलुओं पर ध्यान देने के साथ लद्दाख को एक पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देना है।
कोरोना संकट के बाद केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन मंत्रालय लेह में तीन दिवसीय समारोह का आयोजन कर रहा है। गुरुवार से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को उप राज्यपाल राधा कृष्ण माथुर और संस्कृति और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री जी किशन रेड्डी संबोधित करेंगे।
विज्ञापन
इस आयोजन का उद्देश्य साहसिक, संस्कृति और पर्यटन के पहलुओं पर ध्यान देने के साथ लद्दाख को एक पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देना है। साथी ही उद्योग से जुड़े लोगों को स्वेदशी उत्पादों के बारे में बताने के साथ-साथ देश के दूसरे हिस्से टूर ऑपरेटरों को एक मंच उपलब्ध कराना भी है। कार्यक्रम में लद्दाख में पर्यटन सुविधाओं को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी, पैनल चर्चा, बैठकें, तकनीकी पर्यटन, सांस्कृतिक संध्या जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
समारोह में लद्दाख के समग्र विकास पर केंद्रित पर्यटन विजन का अनावरण भी किया जाएगा। दिल्ली में पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि लद्दाख में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय विभिन्न प्रकार के आयोजन पहले से ही करता आ रहा है। हाल ही में लद्दाख पर केंद्रित एक वेबिनार आयोजित किया गया था।