परगवाल। सीमा क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों से मोबाइल सिग्नल नदारद है। हालांकि क्षेत्र में एयरटेल कंपनी के तीन टावर हैं, लेकिन सिग्नल नहीं मिलने के कारण लोगों के साथ-साथ सबसे ज्यादा परेशानी ऑनलाइन पढ़ाई करने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। कोरोना संक्रमण से उपजे हालात में स्कूल बंद हैं, मौजूदा हालात में ऑनलाइन पढ़ाई ही एकमात्र विकल्प है।
मोबाइल पर सिग्नल नहीं आने से पढ़ाई बाधित हो रही है। आलम यह है कि कुछ बच्चे अपने-अपने घर छोड़कर खेतों में बने शेडों में आकर ऑनलाइन पढ़ाई करने को मजबूर हैं। गांव सजवाल के महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घरों के अंदर नेटवर्क नहीं होने से वह बच्चों को लेकर गांव से बाहर खेत में बने शेड में आकर पढ़ाई करा रहे हैं। उनका कहना था कि गांव हमेशा उपेक्षाओं का शिकार है, एक ओर जहां देश में 5जी की आहट है, वहीं दूसरी ओर उनके गांवों में अभी तक अच्छे सिग्नल नहीं हैं। गांव भलवाल भरत के नरेंद्र सिंह का कहना था कि वह ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बच्चों को लेकर दूसरे गांव पहुंचते हैं। यहां अच्छा नेटवर्क है, उनका कहना था कि बच्चों को रोज लाना फिर छोड़ने जाना, बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए सरहदी गांवों में भी अच्छा मोबाइल सिग्नल देने की मांग की।