रियासी। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में कई दिनों से जारी रविंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में हिंदुस्तान क्लब व रियासी क्लब ने अपने-अपने मैच जीत कर फाइनल में जगह बनाई।
रविवार को दोनों टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। शनिवार को पहला मैच काफी रोमांचक रहा, जिसमें हिंदुस्तान क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 108 रन बनाए। लक्ष्य को हासिल करने उतरी बठींडी जम्मू की टीम इसे हासिल करने में असफल रही तथा 106 रन बना पाई। पारी के अंतिम गेंद पर बठींडी को दो रन चाहिए थे।
बठींडी दो रन से मैच हार गई। दूसरे सेमीफाइनल मैच मेें रियासी ने बल्लेबाज नदीम के 39, राहिल के 36, सतीश के 35, कामरान के 25 तथा शहजाद के 27 रनों की बदौलत बीस ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 194 रनों का विशाल स्कोर बनाया। विजयपुर के गेंदबाज राजू ने तीन, अजीत ने दो व जोगिंदर ने एक विकेट लिया।
लक्ष्य को हासिल करने उतरी विजयपुर की टीम उन्नीस ओवर में सभी विकेट के नुकसान पर 105 रन ही बना सकी। बल्लेबाज अजीत ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए। वहीं अंशुमन ने 23 व रिंकू ने 18 रन बनाए। रियासी के गेंदबाज नदीम व बांगी ने दो-दो तथा असीम व निशू ने एक-एक विकेट लिया। मैच में आलराउंड प्रदर्शन करने पर नदीम को मैन आफ द मैच दिया गया।