जम्मू के आरएस पुरा घराना वेट लैंड में अब तक साढ़े पांच सौ पक्षी पहुंच चुके हैं। दिसंबर अंतिम सप्ताह तक घने धुंध के साथ पड़ने वाली कड़ाके की सर्दी में साइबेरियन क्रेन, बार हेडेड गीज और बार हेडेड गूज नामक प्रवासी साइबेरियन पक्षियों के झुंड के पहुंचने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक घराना वेट लैंड में अब तक तकरीबन एक दर्जन प्रवासी पक्षियों की प्रजातियां पहुंच चुकी हैं, जिनकी संख्या अब तक करीब साढ़े पांच सौ तक बताई जा रही है। वेट लैंड में हर साल पहुंचने वाला मशहूर पक्षी बार हेडेड गीज और बार हेडेड गूज के साथ-साथ साइबेरियन क्रेन पक्षी नहीं पहुंच सके हैं, जिन्हें दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है।
घराना को अब तक गुलजार करने वाले राज्य के विभिन्न हिस्सों से और स्थानीय पक्षियों की प्रजातियां पहुंची हैं, जिनमें कामनईल, नार्दर्न सावलर, गड़वाला, कामनकूट, कैटलएड, पाइलइन फीशर, ह्वाइट हारर, ब्लैक क्राउन, नाइट एरान, वील्ड वाक्ड, ग्रे हेरान, लिटिल क्राम्ड, लिटिल एग्रीड आदि पक्षी शामिल हैं।
हालांकि घराना में स्थानीय पक्षियों के झुंड भी देखे जा रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों धान की कटाई के कारण आरएस पुरा के घराना वेट लैंड में प्रवासी पक्षियों का झुंड नहीं पहुंच सका था। हालांकि अब क्षेत्र में धान की कटाई संपन्न होने के साथ ही घराना में प्रवासी पक्षियों के झुंड देखे जाने लगे हैं। सुबह-शाम इनके कलरव अद्भुत नजारा प्रस्तुत करते हैं।
वाइल्ड लाइफ वार्डन जम्मू सुरेश शर्मा का कहना है कि दिसंबर माह के आखिर और जनवरी के आरंभ में जब सर्दी कड़ाके की पड़ती है और धुंध होती है, उसी दौरान साइबेरियन पक्षियों के झुंड में बारहेडेड गूज एवं बारहेडेड गीज के अलावा क्रेन के पहुंचने की संभावना है। अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के अलावा पड़ोसी राज्यों के प्रवासी पक्षियों की करीब दर्जन भर प्रजातियां घराना वेटलैंड पहुंची हैं।