सांबा। गणतंत्र दिवस समारोह से पहले आतंकवादियों के मंसूबों को नाकाम करने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए जम्मु-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार सीमा सुरक्षा बल के जवानों को भी राजमार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत तैनात किया गया है। राजमार्ग के किनारे सुरक्षा व्यवस्था उच्च सतर्कता पर है। राष्ट्र विरोधी तत्वों के किसी भी मंसूबे को को विफल करने के लिए सुरक्षा बल व जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से हाईवे की सुरक्षा के लिए जांच तेज कर दी गई है। वहीं सुरक्षा ग्रिड को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सीमावर्ती जिले सांबा, कठुआ में भी राजमार्ग के साथ लगे सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए दोनो जिलों के सीमावर्ती इलाकों में सेना, सुरक्षा बल व जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तलाशी अभियान चला रहे हैं। बीएसएफ की ओर से सीमा के निकट टनल रोधी अभियान भी चलाया जा रहा है।
----------
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके में उग्रवाद रोधी और घुसपैठ रोधी ग्रिडों को कड़ा कर दिया गया है। सभी बॉर्डर पुलिस चौकियों पर तैनात जवान भी सतर्क हैं। रात्रि के समय हाईवे पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। सेना, सीआरपीएफ व पुलिस के जवान हाई अलर्ट पर हैं।
-गारू राम, डिप्टी एसपी, आपरेशन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसओजी, सांबा।