जम्मू। आगामी श्रीअमरनाथ यात्रा से पहले सीमांत इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अर्धसैनिक बलों की ओर से गश्त शुरू करने के साथ ही पाकिस्तान की ओर जाने वाली तवी और अन्य नदी नालों व क्षेत्रों को खंगाला जा रहा है।
सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरंग मिलने के बाद घुसपैठ कर यात्रा में खलल डालने की साजिश रची जा रही है। इसलिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान ड्रोन की मदद से हथियार भेजकर और आतंकियों की घुसपैठ कराने की बड़ी साजिश रच रहा है। एसएसपी जम्मू चंदन कोहली का कहना है कि सीमांत इलाकों में सुरक्षा को काफी मजबूत किया गया है। सभी नाकों और बाजारों में स्थानीय पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं, ताकि सीमांत इलाकों की सुरक्षा को कड़ा किया जा सके। सीमांत इलाकों में एसओजी और सीआरटी की टीमें भी विशेष रूप से जांच में जुटी हैं।