जम्मू-कश्मीर पुलिस के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए कहा कि दक्षिण कश्मीर जिले के अवंतीपोरा इलाके में प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन से जुड़े दो आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर अवंतीपोरा में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम) के दो आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
एक अधिकारी ने बताया कि अवंतीपोरा पुलिस ने सेना की 42 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की 130 बटालियन के जवानों के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान शनिवार को आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े दो आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मुजम्मिल अयूब भट पुत्र मोहम्मद अयूब भट और सुहेल मंजूर मोहंद पुत्र मंजूर अहमद मोहंद के रूप में हुई है। दोनों शाहाबाद खारपोरा बाला लालगाम (अवंतीपोरा) के निवासी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एके-47 के 383 राउंड सहित गोला-बारूद बरामद हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपी एचएम कमांडरों के संपर्क में थे और हथियार व गोला-बारूद एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में सक्रिय थे। इसके अलावा आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए आश्रय और अन्य रसद सहायता भी आतंकियों को पहुंचाते थे। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना अवंतीपोरा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।