रियासी। वीरवार को डाइट की तरफ से आठवीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसमें सरकारी तथा निजी स्कूलों के 162 विद्यार्थियों ने मेरिट लिस्ट में स्थान बनाने में कामयाबी हासिल की।
सरकारी स्कूलों के सत्रह विद्यार्थी दो सौ अंक लेकर पहली पोजिशन पर रहे। वहीं निजी स्कूलों के 145 विद्यार्थियों ने पूरे दो सौ अंक प्राप्त किए। वार्षिक परीक्षा परिणामों में विद्यार्थियों के बीच कड़ी स्पर्धा देखने को मिली। आठवीं कक्षा की परीक्षा में कुल 2834 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 2829 विद्यार्थी पास हुए।
परिणामों के घोषित होते ही विद्यार्थियों के बीच खुशी की लहर दौड़ पड़ी। उन्होंने एक-दूसरे को फोन कर अंकों की जानकारी लेना शुरू किया। मेरिट लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों के परिजन उनको मिठाई खिलाकर खुशी मनाने लगे। बधाई देने वालो का भी तांता लगा रहा।