सांबा/आरएस पुरा। गणतंत्र दिवस से पूर्व शहर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर जवानों का पहरा है। जगह-जगह लगाए गए नाकों से गहन पूछताछ और जांच के बाद ही लोगों और वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। रात को ड्रोन की मदद से चौकसी रखी जा रही है।
सांबा के साथ आरएस पुरा में भी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी चौकसी करने के साथ बीएसएफ के जवान पाकिस्तान क्षेत्र में चल रही गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। सीमा पर मुस्तैदी के साथ सीमा सुरक्षा बल ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती विशेष तौर पर की है। गांव में वीडीसी सदस्यों सहित रात के समय पुलिस की टीमों का पहरा लगाया गया है। एसपी हेडर्क्वाटर रजनीश गुप्ता ने बताया कि सीमांत ग्रामीणों को रात के समय घरों में रहने के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति को देखे जाने पर पास के पुलिस थाने, पुलिस पोस्ट या फिर बीएसएफ को जानकारी मुहैया करवाने के लिए कहा गया है। सीमावर्ती क्षेत्र से अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ स्टे क्षेत्र में विशेष नाके लगाए जाने के साथ निक्की तवी के आसपास नजर रखी जा रही है।
-------
अखनूर-जम्मू-सुंदरबनी रोड
पर लगाए गए अतिरिक्त नाके
अखनूर। गणतंत्र दिवस मनाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परगवाल, छंब, काना चक सेक्टर में सुरक्षा बलों को 24 घंटे चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अखनूर-जम्मू-सुंदरबनी रोड पर अतिरिक्त नाके लगाया गए हैं।
एसडीपीओ वरुण जंडियाल की देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। मंगलवार को बाजारों में एसडीपीओ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अखनूर क्षेत्र में मुख्य कार्यक्रम हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया जाएगा। नगर कमेटी के अध्यक्ष संजय सराफ, डीडीसी सदस्य, बीडीसी चेयरमैन भी अपने क्षेत्रों में ध्वजारोहण करेंगे।
आरएस पुरा के एसडीएम कार्यालय में
फहराएेंगे तिरंगा, नहीं होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
आरएस पुरा। कसबे में स्थित एसडीएम कार्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसकी तैयारियां मंगलवार को पूरी कर ली गई थीं। नगर पालिका के अध्यक्ष सतपाल पप्पी मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण करेंगे। प्रशासन के अनुसार इस बार कोरोना के चलते परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। नगर पालिका के ईओ सुभाष चंद्र ने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोग मास्क पहनकर ही आने दिए जाएंगे।