जम्मू। शहर के जीवन नगर स्थित हृदयदीप आश्रम में वीरवार को धार्मिक कार्यक्रम करवाकर भगवान भोलेनाथ के छह फुट पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया गया। आश्रम के स्वामी हृदयानंद गिरी और मेयर चंद्रमोहन गुप्ता ने सपत्नीक रुद्राभिषेक किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चारण कर भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की मंगल कामना की गई।
भक्तों ने ओम नम: शिवाय का जाप करके विधि पूर्वक पूजा की और फि र हर्षोल्लास साथ शिवलिंग को जल प्रवाह कर दिया। इस अवसर पर स्वामी हृदयानंद गिरी ने कहा कि सतयुग में स्वर्ण, त्रेतायुग में रत्न, द्वापर युग में पारद व कलयुग में पार्थिव शिवलिंग का अधिक महत्व है। कलयुग में अमीर-गरीब या शूद्र कोई भी हो पार्थिव शिवलिंग बना कर भगवान शिव की अराधना कर सकता है।